पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने छत्तीसगढ़ के पत्रकारों से की मुलाकात – Rajhans Samvad

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने छत्तीसगढ़ के पत्रकारों से की मुलाकात

चंडीगढ़/पंजाब, दिनांक 26 मार्च 2026: पंजाब के माननीय राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज छत्तीसगढ़ से आए 14 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल से आत्मीय भेंट की। पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित अंतर-राज्यीय अध्ययन यात्रा के अंतर्गत यह प्रतिनिधिमंडल पंजाब प्रवास पर है। इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने पत्रकारों के साथ संवाद करते हुए राज्य में नशामुक्ति अभियान, सीमापार तस्करी की चुनौतियों तथा सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से जानकारी साझा की।

संवाद के दौरान राज्यपाल महोदय ने छत्तीसगढ़ के पत्रकारों से बस्तर क्षेत्र की नक्सल प्रभावित स्थिति के बारे में भी विशेष रुचि लेकर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सामाजिक परिस्थितियों, विकास कार्यों तथा सुरक्षा व्यवस्था की वर्तमान स्थिति के बारे में प्रश्न पूछे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानने का प्रयास किया कि नक्सल समर्पण के बाद पूर्व उग्रवादियों के परिवारों और परिजनों को मुख्यधारा में शामिल करने की प्रक्रिया किस प्रकार आगे बढ़ रही है और समाज में उन्हें किस तरह स्वीकार किया जा रहा है।

इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने पंजाब में नशामुक्ति के लिए चलाए जा रहे व्यापक अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में नशीले पदार्थों की समस्या एक गंभीर चुनौती है, जिससे निपटने के लिए सरकार बहु-स्तरीय रणनीति के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सीमापार से नशीले पदार्थों और अवैध शस्त्रों की तस्करी एक प्रमुख समस्या है, जिस पर नियंत्रण के लिए सुरक्षा एजेंसियां निरंतर प्रयासरत हैं।

यह उल्लेखनीय है कि पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित यह मीडिया अध्ययन यात्रा देश के विभिन्न राज्यों में हो रहे विकास कार्यों, प्रशासनिक प्रयासों और सामाजिक अभियानों को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।अंत में, यह मुलाकात विचारों के आदान-प्रदान का एक सशक्त मंच साबित हुई, जिसने मीडिया और प्रशासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधिमंडल की ओर से राज्यपाल महोदय को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पहचान का प्रतीक गमछा एवं बस्तर कला से निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *