
रायपुर, 06 मई 2026/ बस्तर के सुदूर वनांचल में विकास की नई किरण पहुंची है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप आज पहली बार नारायणपुर जिले के दुर्गम क्षेत्र कुतुल पहुंचे। सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित इस जन चौपाल में मंत्री ने न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बल्कि प्रशासन को सीधे जनता के द्वार पर खड़ा कर दिया।
पेड़ की छांव में गूंजी विकास की बात
ओरछा विकासखंड के कुतुल में पेड़ों की शीतल छांव में आयोजित इस चौपाल में भारी जनसैलाब उमड़ा। ग्रामीणों ने अपने बीच सीधे प्रदेश के मंत्री को पाकर अपनी मांगें प्रमुखता से रखीं। ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और युवाओं के लिए खेल मैदान की आवश्यकता पर जोर दिया। मंत्री श्री कश्यप ने इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी आवेदन लंबित न रहे।
मौके पर ही समस्याओं का निपटारा
जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों पर प्रशासन की तत्परता देखने को मिली। कुल 201 आवेदनों में से 162 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शेष आवेदनों के लिए संबंधित विभागों को निश्चित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने को कहा गया है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव
अधिकारियों ने बताया कि कुतुल जैसे सुदूर गांव में शासन की योजनाओं की पहुंच उत्साहजनक है। महतारी वंदन योजना (114 हितग्राही), नोनी सुरक्षा (11) और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना (14) से ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 179 परिवारों के सिर पर पक्की छत का सपना साकार हो रहा है।
संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार
मंत्री श्री कश्यप ने चौपाल के दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने विशेष रूप से संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और आंगनबाड़ी व स्कूलों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे। कुतुल का यह दौरा प्रशासन और जनता के बीच की दूरी पाटने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास है।
इस अवसर पर मंत्री ने हितग्राहियों को राशन कार्ड, सुपोषण किट और आवास प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन, एसपी श्री रॉबिंसन गुरिया और जिला पंचायत सीईओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
