छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कांग्रेस के डीएनए में : भाजयुमो

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले में एनएसयूआई नेता वेणु उर्फ वेणु जंघेल की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त कर कहा है कि यह गिरफ्तारी साबित करती है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी संगठन छात्र हितों की रक्षा करने के बजाय उनके भविष्य को बाजार में बेचने का काम कर रहे हैं। श्री टिकरिहा ने कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव के कथन ‘बड़ा नेता बनना है तो जेल जाओ’ के परिप्रेक्ष्य में तंज कसते हुए जानना चाहा है कि क्या कांग्रेस में नेता बनने का यही एकमात्र मापदण्ड है और क्या वेणु उसी राह पर चल रहा है?

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने कहा कि जिस संगठन को छात्रों की समस्याओं के लिए लड़ना चाहिए, उसका नेता महज तीन-तीन हजार रुपए में प्रश्नपत्र बेचते पकड़ा गया है। यह शर्मनाक है कि कांग्रेस से जुड़े लोग शिक्षा के मंदिर तक को भ्रष्टाचार और अपराध का अड्डा बना चुके हैं। कांग्रेस जब सत्ता में थी, तब पीएससी जैसे बड़े घोटाले करके नौजवानों के भविष्य को चौपट किया गया। अब सत्ता से बाहर होने के बाद भी इनकी आदतें नहीं बदली हैं। पुलिस जांच में आरोपी द्वारा साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश करना यह दर्शाता है कि यह केवल एक व्यक्ति का अपराध नहीं, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा सिंडीकेट काम कर रहा है जिसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।

श्री टिकरिहा ने कहा कि पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड की तस्वीरें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कृषि मंत्री रवीन्द्र चौबे और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं। यह स्पष्ट करता है कि इन तत्वों को कांग्रेस का खुला संरक्षण प्राप्त है। इनके नेता और कार्यकर्ता अब पेपर लीक जैसे अपराधों में संलिप्त पाए जा रहे हैं। श्री टिकरिहा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा युवाओं को ठगा है। पहले बेरोजगारी भत्ते के नाम पर छला और अब उनके कठिन परिश्रम को पेपर लीक के जरिए नीलाम किया जा रहा है। एनएसयूआई का नाम अब ‘नकल कराओ, सबसे उगाही करो’ संस्थान हो जाना चाहिए।

श्री टिकरिहा ने इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और मांग की कि इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जाँच हो ताकि यह स्पष्ट हो सके कि एक ग्रामीण पृष्ठभूमि से आकर शहर में सक्रिय रहने वाले इस नेता के पीछे और कौन-से ‘बड़े हाथ’ शामिल हैं? श्री टिकरिहा ने कहा कि भाजयुमो प्रदेश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *