प्लेसमेंट कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्लेसमेंट कर्मचारी कल्याण संघ ने नवपदस्थ आयुक्त संबित मिश्रा से की मुलाकात

रायपुर : आज प्लेसमेंट कर्मचारी कल्याण संघ, नगर निगम रायपुर के अध्यक्ष श्री संजय एड़े, सचिव श्री खेमूलाल निषाद सहित संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा नवपदस्थ आयुक्त, नगर पालिक निगम रायपुर श्री संबित मिश्रा से सौजन्य मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए स्वागत एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई।

इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधिमंडल में शैलेन्द्र, ललित, लोकनाथ, सकुन, नीलू, निकिता, मनीष, अजीत कसार, ओम बंजारे, उमाशंकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

मुलाकात के दौरान संघ द्वारा नगर निगम रायपुर में कार्यरत लगभग 5500 से अधिक प्लेसमेंट कर्मचारियों की समस्याओं, मांगों एवं नवीन 04 श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत ज्ञापन आयुक्त महोदय को सौंपा गया।

संघ ने अवगत कराया कि नगर निगम रायपुर में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारी विगत 15-20 वर्षों से निरंतर स्वच्छता, पेयजल, जन्म-मृत्यु पंजीयन, कार्यालयीन कार्य, स्वास्थ्य, राजस्व, निर्माण एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नगर निगम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में इन कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है, किंतु वर्तमान में अधिकांश कर्मचारियों को अत्यंत कम वेतन में कार्य करना पड़ रहा है, जिससे परिवार का पालन-पोषण एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना कठिन हो गया है।

संघ की प्रमुख मांगेंः-

➤ प्लेसमेंट कर्मचारियों हेतु न्यूनतम वेतन ₹18,000 प्रतिमाह तत्काल लागू किया जाए।

➤ सभी कर्मचारियों को जॉब सुरक्षा प्रदान की जाए एवं ठेका बदलने पर कर्मचारियों को न हटाया जाए।

➤ कर्मचारियों को नगर निगम से सीधे वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

➤ सभी कर्मचारियों का नियमित EPF एवं ESIC लागू किया जाए।

➤ श्रम कानूनों के अनुसार अवकाश, ओवरटाईम एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा सुविधाएं प्रदान की जाएं।

➤ भारत सरकार द्वारा लागू नवीन 04 श्रम कानूनों का नगर निगम रायपुर में शीघ्र प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।

संघ द्वारा कहा गया कि नवीन श्रम कानूनों का उद्देश्य श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक कार्य वातावरण एवं रोजगार सुरक्षा प्रदान करना है, जिसका लाभ प्लेसमेंट कर्मचारियों को भी मिलना चाहिए।

संघ के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि नवपदस्थ आयुक्त श्री संबित मिश्रा कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों पर संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक पहल करेंगे तथा प्लेसमेंट कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु आवश्यक कार्यवाही करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *