प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वन मंत्री केदार कश्यप ने किया विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान – Rajhans Samvad

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वन मंत्री केदार कश्यप ने किया विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान

रायपुर, 08 जून 2026 : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने नारायणपुर पहुंचकर पद्मश्री सम्मान से अलंकृत प्रसिद्ध वैद्यराज श्री हेमचंद मांझी तथा वरिष्ठ साहित्यकार श्री शिव कुमार पाण्डेय से सौजन्य मुलाकात की।

शॉल और श्रीफल भेंट कर किया सम्मान

इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने समाज, संस्कृति, साहित्य और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।

देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में हासिल की नई ऊंचाइयां

वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग सशक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और समावेशी विकास की दिशा में देश लगातार आगे बढ़ रहा है तथा सरकार की योजनाएं लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों से नई पीढ़ी को मिलती है दिशा

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का सम्मान करना हमारी सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। ऐसे व्यक्तियों के अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है तथा समाज में सकारात्मक सोच का विकास होता है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जगदलपुर जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, नारायणपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विशेष जनसंपर्क अभियान से पहुंचाई जा रही उपलब्धियों की जानकारी

प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा रही है। यह अभियान लोगों को शासन की योजनाओं और उनके लाभों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *