प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजनारू दंतेवाड़ा के 84 युवाओं को NMDC में मिला इंटर्नशिप का अवसर – Rajhans Samvad

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजनारू दंतेवाड़ा के 84 युवाओं को NMDC में मिला इंटर्नशिप का अवसर

रायपुर, 12 जुलाई 2026 : प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के 84 युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास की राह आसान हो गई है। इन युवाओं को देश की प्रतिष्ठित नवरत्न कंपनी राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) में निःशुल्क व्यावहारिक प्रशिक्षण (इंटर्नशिप) प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिला है। शनिवार को लाइवलीहुड कॉलेज दंतेवाड़ा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित युवाओं को उनके नियुक्ति-पत्र सौंपे गए। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन, जिला रोजगार विभाग और माई भारत संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।

विधायक ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री चैतराम अटामी ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पहल जिले के युवाओं को मुख्यधारा के रोजगार से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम है।

480 आवेदकों में से हुआ चयन

विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस वर्ष मई महीने में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में जिले भर से 480 से अधिक युवाओं ने बढ़-चढ़कर आवेदन किया था। पूरी तरह से पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाने के बाद अंतिम रूप से 84 युवाओं का चयन किया गया है।

कौशल विकास के साथ मिलेगा वजीफा

इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के दौरान युवाओं को छडक्ब् जैसी बड़ी कंपनी में काम करने का व्यावहारिक (ऑन-फील्ड) अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही, प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक चयनित युवा को प्रति माह 9 हजार रुपये का स्टायपंड (Stipend) भी दिया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इस प्रशिक्षण से युवाओं के तकनीकी और व्यावसायिक कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे भविष्य में उनके लिए निजी और सरकारी दोनों ही क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर खुलेंगे।

आगे भी जारी रहेंगे प्रयास

जिला प्रशासन ने पूरी चयन और नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी रखने की बात कही है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि दंतेवाड़ा के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए आने वाले समय में भी रोजगारोन्मुखी शिविर, कौशल विकास प्रशिक्षण और इंटर्नशिप के ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, जिला रोजगार अधिकारी श्री अमित वर्मा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *