राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह में शामिल हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा, राज्यपाल रमेन डेका ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान – Rajhans Samvad

राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह में शामिल हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा, राज्यपाल रमेन डेका ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान

रायपुर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा शनिवार को रायपुर स्थित विमतारा ऑडिटोरियम में आयोजित पीएसवाय एजुकेशन एंड रिसर्च फेडरेशन के राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह एवं पदक तथा निधि वितरण-2026 में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल महामहिम श्री रमेन डेका के साथ शामिल हुए। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए मेधावी विद्यार्थियों, उत्कृष्ट जिला शिक्षा अधिकारियों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने विद्यार्थियों से मोबाइल और डिजिटल एडिक्शन से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और गूगल ज्ञान प्राप्त करने के उपयोगी साधन हैं, लेकिन मानव की सोच, विवेक और निर्णय क्षमता का कोई विकल्प नहीं हो सकते। विद्यार्थियों को अपनी मौलिक प्रतिभा, अध्ययन की आदत और रचनात्मक सोच को सदैव बनाए रखना चाहिए।

राज्यपाल ने अभिभावकों से बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुरूप उन्हें आगे बढ़ाने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने आप में विशिष्ट है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि आज हर क्षेत्र में प्रतिभाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हैं।

इस अवसर पर विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, सतत परिश्रम, सकारात्मक सोच और सीखने की निरंतर इच्छा ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले विद्यार्थी आने वाले समय में समाज, प्रदेश और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगे।

समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक श्री धरमलाल कौशिक, सीबीएसई के क्षेत्रीय निदेशक श्री जगदीश बर्मन, पीएसवाय एजुकेशन एंड रिसर्च फेडरेशन के निदेशक डॉ. एस.के. मिश्रा, मुख्य योजना समन्वयक श्रीमती शुभ्रा शुक्ला मिश्रा, प्रदेशभर से आए जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *