जब-जब लोकतंत्र पर संकट आएगा, भाजपा का कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर लड़ेगा: बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर 5 नवंबर 2026 : रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को राजधानी में आयोजित विशाल पदयात्रा के दौरान कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जब-जब देश के लोकतंत्र और संविधान पर संकट आया है, भारतीय जनता पार्टी और जनसंघ ने सड़क पर उतरकर मुकाबला किया है। उन्होंने कहा कि आज जब जनता ने विपक्ष को चुनाव-दर-चुनाव पूरी तरह नकार दिया है, तब वे हताशा में देश में अशांति फैलाकर ‘भीड़तंत्र’ के जरिए लोकतंत्र का अपहरण करने की साजिश रच रहे हैं।

भाजपा रायपुर जिला द्वारा सुभाष स्टेडियम से घड़ी चौक तक आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल सम्मिलित हुए।

सभा को संबोधित करते हुए सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश के इतिहास में जब भी तानाशाही थोपी गई या आपातकाल लगाकर जनता के अधिकार छीने गए, तब जनसंघ और भाजपा ने खुलकर उसका विरोध किया। आज देश की जनता ने तीसरी बार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व पर अटूट विश्वास जताया है और देश के 22 राज्यों में भाजपा व एनडीए की सरकारें जनसेवा में जुटी हैं।

श्री अग्रवाल ने विपक्ष के दोहरे चरित्र पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब कर्नाटक, हिमाचल और तेलंगाना में कांग्रेस जीतती है, तब लोकतंत्र सुरक्षित रहता है और ईवीएम पर कोई सवाल नहीं उठता। लेकिन जब देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी जी की जनकल्याणकारी नीतियों पर मुहर लगाती है, तब इन्हें लोकतंत्र खतरे में नजर आने लगता है।”

उन्होंने कहा कि आज केंद्र में मोदी जी और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं के जीवन में खुशहाली और समृद्धि आ रही है। मोदी जी की हर गारंटी को साय सरकार तेजी से धरातल पर उतार रही है। इसी विकास की रफ्तार से घबराकर कांग्रेस देश की राजधानी दिल्ली से लेकर राज्यों तक केवल अशांति, उपद्रव और देश के विकास को बाधित करने का कुत्सित प्रयास कर रही है।

कांग्रेस के गैर-जिम्मेदाराना रवैये की तुलना भाजपा के अनुशासित जन-आंदोलन से करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के उपद्रव और अव्यवस्था के चलते दिल्ली के व्यापारियों को अकेले एक दिन की रैली में करीब 12,000 करोड़ रुपये का भारी नुकसान झेलना पड़ा। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के हित को सर्वोपरि रखता है। हमारी यह पदयात्रा सुभाष स्टेडियम से घड़ी चौक तक पूरे अनुशासन के साथ निकाली गई, जिससे रायपुर की जनता और व्यापारियों को तनिक भी असुविधा न हो।

श्री अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं और आम जनता का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमें सजग रहना होगा। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से हुंकार भरवाते हुए कहा कि जब भी देश की लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर चोट करने का प्रयास होगा, हम सड़क पर उतरकर उसका डटकर मुकाबला करेंगे।

पदयात्रा व जनसभा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, कैबिनेट मंत्री श्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा श्री इंद्र कुमार साहू, श्री अखिलेश सोनी एवं रायपुर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री रमेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *