रेल मंत्रालय ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ द्वारा सत्यनिष्ठा शपथ दिलाकर सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 की शुरुआत की

नई दिल्ली (PIB): रेल मंत्रालय, केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) की अगुवाई में आयोजित राष्ट्रव्यापी सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अनुरूप, रेलवे बोर्ड में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 मना रहा है। इस सप्ताह का उद्देश्य लोक प्रशासन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है।

इस कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीआरबी) श्री सतीश कुमार द्वारा रेलवे बोर्ड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर हुई। शपथ समारोह में मंत्रालय के विभिन्न निदेशालयों के वरिष्ठ अधिकारियों और पदाधिकारियों ने प्रत्यक्ष और वर्चुअल रुप से भाग लिया। यह समारोह 27 अक्टूबर, 2025 से 2 नवंबर, 2025 तक चलेगा।

केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा अधिसूचित सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 की विषय-वस्तु है, “सतर्कता: हमारी साझा ज़िम्मेदारी।” यह विषय-वस्तु नैतिक आचरण, शासन में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त संगठन के निर्माण के लिए सामूहिक उत्तरदायित्व के महत्व पर बल देती है।

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ ने अपने संबोधन में सुशासन को बढ़ावा देने में सतर्कता की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया और सभी अधिकारियों से ईमानदारी, दक्षता और जनसेवा के मूल्यों को बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने पारदर्शिता को सुदृढ़ करने और कदाचार की आशंका कम करने के लिए भारतीय रेलवे द्वारा किए गए विभिन्न डिजिटल और प्रणालीगत सुधारों को भी रेखांकित किया।

रेलवे बोर्ड के सतर्कता निदेशालय ने पूरे सप्ताह के दौरान कई कार्यकलापों की योजना बनाई है, जिनमें संगोष्ठियां, कार्यशालाएं, पोस्टर अभियान और संवादमूलक सत्र शामिल हैं। इनका उद्देश्य सार्वजनिक सेवा में निवारक सतर्कता और नैतिकता के बारे में जागरूकता का प्रसार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *