योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने ग्राम शिवतराई पहुंचे प्रमुख सचिव – Rajhans Samvad

योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने ग्राम शिवतराई पहुंचे प्रमुख सचिव

रायपुर, 28 मई 2026 : प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र अंतर्गत शिवतराई पहुंचकर पीएम जनमन योजना के तहत संचालित गतिविधियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीवीटीजी परिवारों से संवाद कर शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन और लाभ की वास्तविक स्थिति जानी। प्रमुख सचिव श्री बोरा ने पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही श्री रामसिंह बैगा से मुलाकात कर उन्हें मिल रही शासकीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता, आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए हितग्राही से सीधे फीडबैक प्राप्त किया।

इस दौरान रामसिंह बैगा ने स्वयं सर्वे सेतु पीवीटीजी परिवार सर्वे कार्यक्रम का बटन दबाकर प्रक्रिया में सहभागिता निभाई। उन्होंने बताया कि शासन की योजनाओं से उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब उन्हें जरूरी दस्तावेजों और मूलभूत सुविधाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है। रामसिंह बैगा ने पीएम जनमन योजना के तहत पक्का आवास मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले कच्चे घर और मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण काफी परेशानियां होती थीं, लेकिन अब पक्का आवास मिलने से परिवार को सुरक्षित और बेहतर जीवन मिला है।

प्रमुख सचिव श्री बोरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीवीटीजी परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुंचाया जाए तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए सतत अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचे। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने पीएम जनमन योजना, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी प्रमुख सचिव को दी। इस दौरान डीएफओ श्री अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *